मंडी/परी शर्मा – भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है और इस स्थान तक पहुंचने में लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, बलिदान और निस्वार्थ सेवा का सबसे बड़ा योगदान रहा है। ये बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष ने मंडी संसदीय क्षेत्र के पूर्व में रहे जिलाध्यक्षों एवम् मंडल अध्यक्षों के लिए आयोजित समारोह में कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ उनके अनुभवों को सांझा किया और कहा कि पुराने कार्यकर्ताओं के बिना सगंठन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने युवाओं से आवाहन किया कि वे इन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सीख लें क्यूंकि विपरीत परिस्थितियों में उनके अनुभव नई पीढ़ी की सफलता के लिए महत्वपूर्ण होंगे।
उन्होंने कहा कि आज केंद्र और अधिकतर राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं यह सब अगर संभव है तो पुराने कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से ही संभव हुआ है। उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों से आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आवाहन किया कि इस बार दोबारा सरकार बनाने में अपने अनुभव का खुल कर इस्तेमाल करें, जिससे हिमाचल प्रदेश में बार बार सरकार बदलने की परंपरा को तोड़ा जा सके। इस मौके पर प्रदेश चुनाव सह प्रभारी देविंदर राणा, प्रदेश महामंत्री और सुंदरनगर से विधायक राकेश जमवाल, प्रदेश सचिव बिहारी लाल शर्मा ,जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह, मंडी संसदीय क्षेत्र पुर्ण कालिक विस्तारक सुरेश शर्मा और मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी पूर्व में रहे जिलाध्यक्ष और पूर्व मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
