मनमिन्दर अरोड़ा/कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में टिकटों के आवंटन को लेकर भी नेताओं के बीच जोर आजमाइश चल रही है। तो वही कार्यकर्ता भी आपने अपने नेता के पक्ष में टिकट के बारे में हाईकमान से आग्रह कर रहे हैं। वहीं जिला कुल्लू के बंजार विधानसभा की बात करें तो यहां पर भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा भी टिकट की दौड़ में चल रहे हैं। वहीं पूर्व प्रत्याशी आदित्य विक्रम सिंह भी लगातार हाईकमान के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। ऐसे में लारजी में आयोजित हुई बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा का खुलकर विरोध किया और कहा कि अगर कांग्रेस हाईकमान खीमी राम शर्मा को विधानसभा में टिकट देता है। तो सैकड़ों कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे देंगे। ऐसे में बंजार में कांग्रेस में गुटबाजी भी खुलकर सामने आई है, तो वही इस बैठक के बाद हाईकमान के सामने भी कई परेशानियां आ सकती हैं।
अगर खीमी राम को दिया टिकट तो सैकड़ों कार्यकर्ता देंगे इस्तीफा
बंजार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता बीते 2 माह से लगातार पूर्व प्रत्याशी एवं वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस सचिव आदित्य विक्रम सिंह को बंजार का टिकट मांग रहे हैं। ऐसे में बंजार कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विश्राम गृह लारजी में बैठक का आयोजन कर कांग्रेस हाईकमान से बंजार विधानसभा क्षेत्र में टिकट को लेकर पुनः विचार करने का आग्रह किया है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कार्यकर्ता मोहर सिंह ठाकुर ने कहा कि अगर हाईकमान उनकी आवाज को दबाता है तो बंजार कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता सामूहिक तौर पर अपने पदों से इस्तीफा देंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रत्याशी एवं वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव आदित्य विक्रम सिंह 5 वर्षों से बंजार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए लगे हुए हैं। अगर कांग्रेस हाईकमान इस मेहनत के बदले अगर बंजार विधानसभा क्षेत्र से अन्य उम्मीदवार को टिकट देता है। तो बंजार कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी को अलविदा कह कर सामूहिक तौर पर इस्तीफा देकर पार्टी अध्यक्ष को सौंप देंगे। उन्होंने कांग्रेस हाईकमान को एक बार पुनः बंजार विधानसभा क्षेत्र के फैसले पर विचार करने का आग्रह किया है। गौर रहे कि कांग्रेस कार्यकर्ता जहां बंजार का टिकट आदित्य विक्रम सिंह को चाहते हैं। वही कांग्रेस हाईकमान ने कुछ वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इशारों ही इशारों में बंजार का टिकट बदलने का फरमान सुना दिया है।
उल्लेखनीय है कि एक तरफ जहां भाजपा का एक बड़ा धड़ा बंजार का टिकट बदलने को लेकर शक्ति प्रदर्शन कर ऐतिहासिक रैली के माध्यम से भाजपा हाईकमान को संदेश दे चुका है। वही दूसरी तरफ बंजार कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता आदित्य विक्रम सिंह के समर्थन में सड़कों पर उतर गए हैं। कांग्रेस हाईकमान ने जहां पूर्व वन मंत्री पंडित खीमीराम को कांग्रेस में शामिल कर एक तरह से साफ संदेश दे दिया है कि बंजार विधानसभा क्षेत्र से लगभग खीमी राम का टिकट फाइनल है। लेकिन पूर्व प्रत्याशी आदित्य विक्रम सिंह के समर्थकों को हाईकमान का फैसला मंजूर नहीं है। जिस कारण अब कांग्रेस में गुटबाजी की चिंगारियां उठने लगी है। हालांकि अभी तक कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई भी सूची सर्वजनिक नहीं हुई है लेकिन बंजार क्षेत्र के कांग्रेसियों को भनक लग चुकी है कि कांग्रेस हाईकमान खीमी राम शर्मा को वंजार विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारने की तैयारी कर चुका है।
