संजू चौधरी, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की ओर से प्रदेश की जनता को 10 गारंटियां दी गई है। कांग्रेस की ओर से दी गई इन गारंटियों के ऊपर भाजपा लगातार सवाल खड़े कर रही है। बीजेपी कांग्रेस की गारंटियों पर लगातार हमला कांग्रेस पर कर रही है और चुनावों के समय दी जाने वाली इन गारंटियों को कांग्रेस का पैंतरा बता रही है। बीजेपी प्रवक्ता मोहित सूद ने शुक्रवार को शिमला में प्रेस वार्ता की। इस प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता पढ़ी लिखी हैं यह किसी के बहकावे में नहीं आएगी। उन्होंने कांग्रेस की गारंटियों को कांग्रेस का सत्ता हथयाने का पैंतरा बताया।
बीजेपी प्रवक्ता मोहित सूद ने कहा कि कांग्रेस गारंटियों से जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। 2012 में कांग्रेस ने जो वादे किए वो पूरे नहीं हुए। कांग्रेस ने सभी के लिए सामाजिक सुरक्षा की घोषणा की लेकिन कुछ नहीं हुआ। 2017 में बीजेपी की सरकार आने पर प्रदेश में वृद्धा पेंशन की उम्र 80 से घटाकर 60 वर्ष की गई। कांग्रेस सत्ता के लिए झूठे वादे करती हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ता देने कि बात की थी लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ। छात्रों को तकनीकी शिक्षा के लिए लोन देने की घोषणा की लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दोबारा गारंटियां देकर जनता को गुमराह कर रही है। राजस्थान, छत्तीसगढ़ में ऐसी ही गारंटियां दी गई लेकिन एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई है।
