नाहन : देवेंद्र कुमार – सिरमौर जिला के दौरे पर पहुंचे आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन स्थित आयुष अस्पताल का निर्माण कार्य 2 माह के भीतर पूरा हो जाएगा । आयुष मंत्री ने आज सुबह आयुष अस्पताल के निर्माण कार्य का जायजा लिया । इस दौरान उन्होंने यहां मरीजों को दी जा रही सुविधाओं को भी जाँचा ।
रिनोवेशन पर एक करोड़ 90 लाख की राशि हो रही खर्च
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आयुष अस्पताल के रिनोवेशन कार्य पर करीब एक करोड़ 90 लाख रुपए की राशि खर्च की जा रही है । उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में धीमी गति से निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें अब तेजी लाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए हैं उन्होंने कहा कि अगले 2 माह के भीतर अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा और इसे जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा।
मरीजों की सुविधा के लिए लगेंगे लिफ्ट
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस आयुष अस्पताल में लोगों को उच्चस्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति की स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएगी । उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए आयुष अस्पताल में एक लिफ्ट भी लगाई जा रही है, ताकि यहां पहुंचने वाले मरीजों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में निर्माण कार्य पूरा ना होने के चलते आयुष अस्पताल में सिर्फ ओपीडी की ही सुविधा प्रदान की जा रही है, मगर अब जल्द लोगों को यहां अन्य सुविधा भी मिल जाएगी।
