Shimla, 10 December-:हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज नावर क्षेत्र में टुणाधार–शहीद नाथूराम देवाड़ीघाट सड़क के मेटलिंग एवं टारिंग कार्य का भूमि पूजन किया। यह परियोजना विधायक प्राथमिकता के अंतर्गत 9 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से पूर्ण की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को बेहतर एवं सुरक्षित यातायात सुविधा प्राप्त होगी।
विश्राम गृह टिक्कर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि नावर क्षेत्र में सड़कों एवं भवनों के निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लगभग 103 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 52 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। शेष राशि भी शीघ्र आवंटित की जाएगी।उन्होंने कहा कि सड़कों के रखरखाव तथा पीडीएनए के अंतर्गत 24 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसका लाभ स्थानीय जनता एवं बागवानों को मिलेगा। अब तक 154 सड़कों को मंजूरी दी जा चुकी है और चालू वित्त वर्ष में यह संख्या 160 तक पहुंच जाएगी।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के तहत जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 18 सड़कों के लिए 112 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 49 करोड़ रुपये नावर क्षेत्र की 6 सड़कों के लिए आवंटित किए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्र बनेगा शिक्षा का हब – रोहित ठाकुर
विकासखंड टिक्कर के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय कशैणी के नवनिर्मित भवन का भी शिक्षा मंत्री ने लोकार्पण किया। इस भवन का निर्माण लगभग 22 लाख रुपये की लागत से किया गया है।उन्होंने कहा कि नए विद्यालय भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। राज्य सरकार ग्रामीण शिक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्यरत है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश का पहला सरकारी बीपीएड महाविद्यालय सावड़ा में स्थापित किया गया है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश को दो केंद्रीय विद्यालयों की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिनमें से एक विद्यालय इसी विधानसभा क्षेत्र में खुलेगा।
सरकार द्वारा प्रथम चरण में 100 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने का निर्णय लिया गया है, जिनमें टिक्कर, जुब्बल और कोटखाई के विद्यालय भी शामिल हैं।इसके साथ ही जुब्बल में 17 करोड़ रुपये की लागत से टीचर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा राजकीय महाविद्यालय टिक्कर में इंटीग्रेटेड बीएड कॉलेज की स्थापना को स्वीकृति मिल चुकी है।
