ऊना, राकेश–संतोषगढ़ मार्ग पर रामपुर गांव के पास बने बैली पुल में गंभीर तकनीकी समस्या सामने आने के बाद लोकनिर्माण विभाग ने एहतियातन पुल से सभी वाहनों की आवाजाही बंद कर दी है।पुल के एक हिस्से में असामान्य झुकाव पाए जाने से इसकी मजबूती और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पुल की स्थिति फिलहाल सुरक्षित नहीं मानी जा सकती, इसलिए किसी भी प्रकार का जोखिम उठाना उचित नहीं होगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल की हालत पिछले कई महीनों से खराब बनी हुई थी।क्षेत्रवासियों ने कई बार पुल में आ रही तकनीकी खामियों और कमजोर होती संरचना को लेकर प्रशासन को अवगत कराया था। लोगों का कहना है कि समय रहते कदम नहीं उठाए जाते तो यहां बड़ा हादसा हो सकता था।इस बैली पुल की पहले भी कई बार मरम्मत की जा चुकी है, लेकिन समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाई।लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के.एस. ठाकुर ने बताया कि शुरुआती जांच में पुल में गंभीर तकनीकी दोष पाए गए हैं। जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत प्रभाव से पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों की टीम जल्द ही पुल का विस्तृत निरीक्षण करेगी, जिसके बाद मरम्मत या पुनर्निर्माण को लेकर निर्णय लिया जाएगा।विभाग ने वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे फिलहाल वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
Chandrika
