Bilaspur, Subhash-:पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल, जिसे कभी देश के सबसे शांत और सुरक्षित राज्यों में गिना जाता था, आज कांग्रेस शासन में अपराधों की गिरफ्त में आ गया है। आए दिन हो रही आपराधिक घटनाएं यह साबित करती हैं कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि लगातार सामने आ रही घटनाएं केवल अपराध नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता का प्रमाण हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना किसी भी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है, लेकिन मौजूदा कांग्रेस सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह असफल साबित हो रही है। अपराधियों में कानून का भय खत्म हो चुका है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि वह अपराधियों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक दबाव के सख्त और त्वरित कार्रवाई करे। जब तक अपराधियों में कानून का डर नहीं होगा, तब तक ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाना संभव नहीं है। अनुराग ठाकुर ने सवाल उठाया कि जब उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हो सकता है, तो फिर हिमाचल जैसे शांत और छोटे राज्य में इसे और अधिक मजबूत क्यों नहीं किया जा सका।उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियां और प्रशासनिक ढिलाई देवभूमि की शांति के लिए खतरा बनती जा रही हैं। जिस हिमाचल प्रदेश को कभी कानून व्यवस्था की मिसाल के रूप में देखा जाता था, वहां आज लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार से मांग की कि वह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर कानून व्यवस्था पर ध्यान दे और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाए। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश की जनता की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव आवाज उठाती रहेगी।
