Una, Rakesh-:कांग्रेस संगठन में हालिया फेरबदल के बाद वरिष्ठ नेता देसराज गौतम को ऊना जिले की कमान सौंपी गई है। नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष देसराज गौतम के ऊना पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। मेहतपुर प्रवेश द्वार से लेकर ऊना शहर तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और नेताओं ने फूल मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया और नारेबाजी कर उत्साह जताया।
मीडिया से बातचीत में देसराज गौतम ने पार्टी हाईकमान का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी और सभी वर्गों व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चला जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में सभी को उचित स्थान दिया जाएगा और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को और सशक्त किया जाएगा।
नई जिम्मेदारी संभालने के साथ ही देसराज गौतम के नेतृत्व में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मनरेगा योजना में किए गए बदलावों को लेकर जोरदार रोष मार्च निकाला। इस रोष मार्च में विधायक विवेक शर्मा, विधायक राकेश कालिया सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। रोष मार्च के उपरांत जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी सौंपा गया।देवराज गौतम ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा योजना कांग्रेस की ऐतिहासिक देन है, जिसे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में शुरू किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा मोदी सरकार इस जनहितकारी योजना के स्वरूप और नाम में बदलाव कर जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है।उन्होंने मनरेगा में किए जा रहे बदलावों को तानाशाही और जनविरोधी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी। देसराज गौतम ने स्पष्ट किया कि जिस तरह पहले किसान बिलों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन किया गया था, उसी तर्ज पर मनरेगा में बदलाव के खिलाफ भी कांग्रेस सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी।उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कमजोर करने वाली किसी भी नीति को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी और जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
