चिंतपूर्णी, विकास -:पावन संक्रांति के अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से हजारों भक्त माता रानी के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे मंदिर क्षेत्र में जय माता दी के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार इस बार पिछले महीने की संक्रांति की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या थोड़ी कम रही, लेकिन भक्तों की आस्था और उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिली। सुबह तड़के से ही श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। दर्शन के लिए लगी डबल लाइन पुराने बस स्टैंड तक पहुंच गई थी।भक्तों ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ माता रानी के पावन दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर और आसपास हवन-यज्ञ का आयोजन भी किया। यज्ञ में आहुतियां डालकर सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की गई।श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर न्यास ने विशेष प्रबंध किए थे। तेज धूप और गर्मी से बचाने के लिए रास्तों में अस्थाई टेंट और शामियाने लगाए गए। इसके अलावा पीने के पानी, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया था।समाचार लिखे जाने तक करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेक चुके थे।