बिलासपुर -:गोविंद सागर झील में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब झील के पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने शव को पानी में देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान गगनदीप पुत्र रोशन लाल निवासी अघार, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली, जिसका नंबर 28B-7613 बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह बाइक मंडी जिले में रहने वाले मृतक के किसी रिश्तेदार की बताई जा रही है। हालांकि पुलिस अभी इस संबंध में पूरी जानकारी जुटा रही है।फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Chandrika
