मनमिन्दर अरोड़ा/कुल्लू: कुल्लू की खराहल घाटी के आराध्या देवता बिजली महादेव के दर्शन के लिए शनिवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। देवता का गांव हल्लेनी और बंदल गांव में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान महिलाओं ने देवता को धूप पिलाने की रस्म को भी पूरा किया। ग्रामीणों के द्वारा फूल मालाओं के साथ देवता का स्वागत किया गया। बिजली महादेव और माहुटी नाग मेले के समापन के बाद यहां पर पहुंचे थे।
दोनों गावों में पहुंचने पर देवता ने सभी देव परंपराओं को पूरा किया व देवताओं के गूरों के द्वारा देवखेल भी की गई। दोपहर बाद देवता यहां से गांव कोठी के लिए रवाना हुए। हल्लेनी सौह में देवखेल और देव नृत्य भी हुआ, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गौर रहे कि इस बार दोनों गांव में मेले के साथ शायरी का भी पर्व साथ में मनाया गया। इस दौरान जूब देकर बुजुर्गों का आशीर्वाद भी लिया गया। इसके साथ ही देवता को भी जूब देकर आशीर्वाद लिया गया।
देवता बिजली महादेव के कारदार विनेंद्र जंबाल ने कहा कि साल में दो बार देवता बंदल और हल्लेनी गांव में आते हैं। यहां पर मेले का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि देवता के दर्शनों के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी है। रविवार को चंसारी गांव में मेला आयोजित होगा।
