चिंतपूर्णी | चिंतपूर्णी में सावन अष्टमी मेला के दूसरे दिवस पर काफी संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी दरबार में पहुंचे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मंदिर को 24 घंटे खुला रखा गया। दूसरे दिवस पर श्रद्धालुओं की डबल लाइन माधो के टीला को पार कर चुकी थी।
सुरक्षा और सुविधाएं
मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में गतिविधियों को सुनिश्चित किया जा रहा है और अस्थाई कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं ताकि मेला क्षेत्र में साफ-सफाई और पेयजल सुविधा को सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस की तैनाती
पुलिस सहायक मेला अधिकारी अंब वसुधा सूद ने मेला क्षेत्र का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर सुरक्षा परिचालन अधिकारी कर्नल मनीष धीमान और उनकी टीम ने श्रद्धालुओं को लाइन व्यवस्था के तहत दर्शन करने की अपील की और मेला क्षेत्र में सुरक्षा और लाइन व्यवस्था को सुनिश्चित किया।
लंगर और साफ-सफाई
मंदिर परिसर और मुख्य बाजार में विभिन्न लंगर संस्थाओं द्वारा भिन्न-भिन्न प्रकार के व्यंजन देसी घी के लंगर लगाए गए हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा नियुक्त किए गए सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस प्रशासन द्वारा लंगर संस्थाओं में साफ-सफाई रखने के लिए निरंतर चेकिंग की जा रही है।
सुगम दर्शन प्रणाली
मंदिर प्रशासन द्वारा चलाई जा रही सुगम दर्शन प्रणाली के तहत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस सुविधा को अपना कर मां की पावन पिंडी के दर्शन प्राप्त किए। दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने विशेष पास बना कर लिफ्ट मार्ग से मां की पावन पिंडी के दर्शन प्राप्त किए।
