अरविंदर सिंह, हमीरपुर: डी.ए.वी जोन डी की नेशनल स्पोर्ट्स 2022 कलस्टर लेवल की दो दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शानदार आगाज आज अणु मैदान हमीरपुर के सिंथेटिक ट्रैक पर हुआ। प्रतियोगिता में बतौर मुख्यअतिथि डीएसपी हमीरपुर रोहिन डोगरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बिक्रम सिंह प्रिंसिपल डीएवी आलमपुर और सुरेश शर्मा डीएवी प्रिंसिपल कांगू ऑब्जर्वर के रूप में विशेष उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी और खेलों की भावना को पवित्रता को बरकरार रखने की शपथ ली। विद्यालय के प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में डी.ए.वी.जोन डी के नौ विद्यालय डी.ए.वी. कांगू, नादौन,आलमपुर, पालमपुर ,देहरा, तियारा, नगरोटा सूरियां, योल, नरवाना और हमीरपुर भाग ले रहे है।
वहीं प्रतियोगिता के पहले दिन 1500 मीटर लड़कों की दौड़ में अनूप ठाकुर डीएवी कांगू प्रथम, मयंक गौतम डीएवी नादौन द्वितीय, रजत साईं डीएवी हमीरपुर तृतीय रहे। 1500 मीटर लड़कियों की दौड़ में पलक ठाकुर डीएवी हमीरपुर प्रथम, लियारा शर्मा डीएवी पालमपुर द्वितीय, मन्नत डीएवी कांगू तृतीय रहीं। शॉट पुट लड़कियों के मुकाबले में साक्षी शर्मा डीएवी देहरा प्रथम, शगुन कौशल डीएवी कांगू द्वितीय, घनिष्ठा डीएवी नादौन तीसरे स्थान पर रहीं।
शॉट पुट लड़कों के मुकाबले में उत्कर्ष डीएवी हमीरपुर प्रथम, अमोघ डीएवी नादौन दूसरे स्थान पर और कृतांत डीएवी नादौन तीसरे स्थान पर रहे। डिस्कस थ्रो लड़कों के मुकाबले में डीएवी हमीरपुर के उत्कर्ष प्रथम, डीएवी देहरा के अखिलेश द्वितीय और डीएवी नगरोटा सूरियां के दिव्यांश तृतीय स्थान पर रहे। विद्यालय के चेयरमैन आनंद स्वरूप और प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा जी ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
