Shimla, 26 August-हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र लगातार विवादों से घिरा हुआ है। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और विपक्ष के बीच तकरार थमने का नाम नहीं ले रही। आज भी सदन में जैसे ही मंत्री नेगी ने प्वाइंट ऑफ ऑर्डर के तहत मुद्दा उठाया, विपक्ष ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर विधानसभा अध्यक्ष को कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी।
मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि संविधान उन्हें सदन में अपनी बात रखने का अधिकार देता है, लेकिन विपक्ष सच सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष दो गुटों में बंटा है—एक गुट उनका बहिष्कार करना चाहता है, जबकि दूसरा उनसे प्रश्न पूछता है। नेगी ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने में वे नाकाम साबित हुए तथा भाजपा और प्रदेश दोनों के लिए पनौती साबित हुए।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष राजस्व मंत्री की बातें सुनने के लिए बाध्य नहीं है। उन्होंने नेगी की भाषा को सदन की मर्यादाओं के विपरीत बताया। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार आपदा प्रबंधन में पूरी तरह विफल रही है।ठाकुर ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही का बाधित होना और विपक्ष का वॉकआउट केवल एक मंत्री की वजह से हुआ है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जनता की नहीं, बल्कि केवल अपनी कुर्सी की चिंता है.
