संजु चौधरी, शिमला: गुरुवार से डीडी हिमाचल के 24 X 7 प्रसारण का आगाज हो गया हैं। शिमला में केंद्रीय सूचना व प्रसारण व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने इसकी शुरुवात की हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस नई पहल के साथ हिमाचल की संस्कृति की झलक पूरे देश के साथ दुनिया तक पहुंच पाएगी।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि डीडी हिमाचल का प्रसारण अब 24 X 7 के लिए शुरू किया गया हैं। डीडीएच पर यह पूरे देश में देखा जाएगा। यहां की कला व संस्कृति को अब पूरी दुनिया में देखा जा सकेगा। इससे प्रदेश के धार्मिक व साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। धार्मिक स्थानों से आरती व अनेक कार्यक्रम दिखाए जायेंगे। पर्यटकों को हिमाचल लाने के लिए उन्हें आकर्षित करने के लिए अनेक कार्यक्रम दिखाए जा सकेंगे। यहां की नाटी व संगीत को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के लिए प्रयास किया जाएगा।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के लोगों ने आजादी में कितना योगदान दिया ऐसे वीर सैनिकों के बारे में कार्यक्रम तैयार करके जनता को दिखाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन पर आने वाला चित्रहार काफी मशहूर था अब भी डीडी हिमाचल में हिमाचली चित्रहार दिखाया जाएगा।
वहीं इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि डीडी हिमाचल 24 X 7 केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयास से संभव हो पाया हैं। उन्होंने कहा की सरकार बदलती रहती हैं। विचारधारा अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन हिमाचल स्पोर्ट्स में आगे आए इसे लेकर आपसे मुलाकात करेंगे। हिमाचल में वर्ल्ड क्लास इंफ्रा स्ट्रक्चर हो इसके लिए उन्होंने अनुराग ठाकुर से सहयोग की उम्मीद जताई हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री सेवसहयोग की कामना की हैं और कहा कि अन्य योजनाओं में भी प्रदेश को उनके सहयोग की आवश्यकता हैं।
