मंडी,धर्मवीर-:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर छोटी काशी मंडी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। प्रशासन और मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।प्रभात फेरी के दौरान शहर में भजन-कीर्तन करते हुए लोगों ने शांति, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए प्रभात फेरी गांधी चौक पहुंची। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान लोगों ने गांधी जी के विचारों को स्मरण करते हुए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।
इसके बाद सेरी मंच पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। वहीं गांधी भवन में मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने की शपथ ली।मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा कि महात्मा गांधी का देश की आजादी में योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा को अपना हथियार बनाकर देशवासियों को संघर्ष का रास्ता दिखाया। उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं।चंपा ठाकुर ने कहा कि सभी को गांधी जी के बताए मार्ग पर चलते हुए देश की एकता और भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद करते हुए कहा कि उन्होंने सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
