Mandi,Dharamveer(TSN):मंडी शहर में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग एक बार फिर ज़ोर पकड़ने लगी है।पन्नालाल रक्षा मैमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के बैनर तले आयोजित पत्रकार वार्ता में रविदास सभा,कबीर सभा,वाल्मीकि सभा सहित कई सामाजिक संगठनों ने सरकार से इस मांग को शीघ्र पूरा करने की अपील की है।संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि मांग को अनदेखा किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
सामाजिक संगठनों ने सरकार से की अपील
ट्रस्ट के संस्थापक राजेश कपूर ने कहा कि डॉ.अंबेडकर का जीवन सभी भारतीयों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनकी प्रतिमा किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थान पर स्थापित की जानी चाहिए ताकि आमजन उनके विचारों से निरंतर प्रेरणा लेते रहें। उन्होंने कहा कि कई सामाजिक संस्थाएं मूर्ति स्थापना का खर्च उठाने के लिए तैयार हैं,केवल सरकार को स्थान चिन्हित करना है।
प्रतिमा स्थापना का खर्च उठाने को भी तैयार
पूर्व प्रधान इंद्र राज इंदु ने बताया कि पहले भी सुकोड़ी पुल पर बनाए गए चौक में अंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई थी,लेकिन इसे नजरअंदाज़ कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जब विदेशों में डॉ.अंबेडकर की प्रतिमाएं लग सकती हैं, तो अपने ही देश में क्यों नहीं?इस पत्रकार वार्ता में कबीर सभा से राजेश कुमार,वाल्मीकि सभा से प्रदेश प्रभारी अंकुश घोष और लौहार सभा से अरविंद कुमार भी उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया,तो बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
