बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN)- किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर औहर क्षेत्र में लोगों ने फुट ब्रिज, फुटपाथ बनाने की मांग सरकार और प्रशासन से की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन के चलते उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन उनकी समस्याओं को लेकर उचित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
सोमवार को किरतपुर-नेरचौक फोरलेन प्रभाावित मदनलाल ने उपायुक्त बिलासपुर को पत्र भेजा ।जिसमें उन्होंने कहा है कि किरतपुर-नेरचौक फोरलेन के तहत कल्लर भंजवाणी, औहर, दडय़ाणा, पलथी सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों की कुछ भूमि व मकान, दुकान फोरलेन के चलते बंट गई है। निजी, रिहायशी मकानों में आने जाने और व्यापार के लिए दर्जनों चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को सडक़ क्रॉस करना परेशानी भरा हो चुका है। जिसके चलते फोरलेन पर अभी भी फुटपाथ और फुट ब्रिज बनाने की आवश्यकता है। फोरलेन पर फुटपाथ और फुट ब्रिज बनाने को लेकर महज औपचारिकता ही निभाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन भी इस मसले को लेकर गंभीरता दिखाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।
