धर्मशाला,राहुल चावला(TSN)-हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने सदन के बाहर रोजगार के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया.नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायक दल हाथों में रोजगार की मांग की तख्तियां लेकर पहुंचा.नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने पहले ही कैबिनेट में एक लाख रोजगार देने का वादा किया था.आज हिमाचल प्रदेश के युवा पूछ रहे हैं कि यह एक लाख रोजगार कहां हैं.जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू झूठ बोलने की सारी हदें पार कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि यह झूठ की पराकाष्ठा है.
अस्थाई नौकरी की तरफ युवाओं को धकेल रही सरकार
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेशभाजपा विधायक दल सदन के बाहर और सदन के अंदर युवाओं की आवाज को उठाने का काम करेगा.उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की युवा आज पूछ रहे हैं कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले जो पांच लाख रोजगार का वादा किया था,वह आज कहां हैं.मुख्यमंत्री कहते हैं कि उन्होंने 31 हजार रोजगार दे दिए,जबकि यह बहुत बड़ा झूठा है.उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार आने के बाद जितने भी रोजगार दिए गए हैं,वह सभी भारतीय जनता पार्टी सरकार के वक्त शुरू की गई प्रक्रिया के तहत ही दिए गए हैं.नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस के नेता 58 साल वाली पक्की सरकारी नौकरी की बात करते थे,लेकिन आज सरकार अस्थाई नौकरी की तरफ युवाओं को धकेल रही है.उन्होंने कहा कि राज्य में गेस्ट टीचर पॉलिसी लाई गई है और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.जयराम ठाकुर ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश का युवा पूरी तरह परेशान हो चुका है.कांग्रेस की गारंटियों की पोल पूरी तरह खुल चुकी है.
