भावना, शिमला: हिमाचल प्रदेश कंप्यूटर शिक्षक महासंघ ने अपनी मांगों को लेकर आज शिमला उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के माध्यम से महासंघ ने प्रदेश सरकार के खिलाफ़ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। कंप्यूटर शिक्षक लंबे समय से वेतन बढ़ाने और स्थाई नीति बनाने की मांग कर रहे है। अब तक कंप्यूटर शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल 198 बार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर से मुलाकात कर चुका है, बावजूद इसके अब तक कोई नीति तैयार नहीं हो पाई है। सरकार की अनदेखी से निराश और आक्रोशित कंप्यूटर शिक्षकों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हिमाचल प्रदेश कंप्यूटर शिक्षक महासंघ के महासचिव अश्वनी शर्मा ने कहा कि बार-बार गुजारिश के बावजूद सरकार मांगें नहीं मान रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में कंप्यूटर शिक्षकों का गुजर-बसर करना मुश्किल हो गया है। प्रदेश भर के 1 हजार 341 शिक्षक और उनका परिवार सरकार से मांग कर रहा है कि उनका वेतन बढ़ाया जाए और उनके लिए स्थाई नीति बनाकर राहत प्रदान करने का काम किया जाए। अश्वनी शर्मा ने कहा कि अगर सरकार उनकी मांगे नहीं मानती है, तो कंप्यूटर शिक्षक सरकार के खिलाफ जाने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
