नाहन : देवेंद्र कुमार – जिला मुख्यालय में आज विद्युत कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ पुरानी पेंशन बहाल ना करने के विरोध में प्रदर्शन किया है । नाहन में विद्युत कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ रोष जाहिर करते हुए जमकर नारेबाजी की । कर्मचारियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद भी प्रबंधन कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाल नहीं कर रहा है, जिसके विरोध में लगातार प्रदेश में विद्युत कर्मचारी अपना रोष जाहिर कर रहे हैं ।
बिजली बोर्ड में स्थाई एमडी की नियुक्ति की मांग
राज्य विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास व नाहन पेंशनर्स यूनियन के महासचिव कमलेश पुंडीर ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल की है लेकिन विद्युत कर्मचारियों को इससे वंचित रखा जा रहा है उन्होंने कहा कि प्रबंधन विद्युत कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल नहीं कर रहा है। जिसके विरोध में आज रोष प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा निर्देश जारी करने के बावजूद भी प्रबंधन ने अभी तक विद्युत कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल नहीं की है । उन्होंने प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द विद्युत कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन का लाभ देने की गुहार लगाई है यूनियन ने प्रदेश सरकार से विद्युत बोर्ड में स्थाई एमडी की नियुक्ति करने की मांग उठाई है।
