बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि बोर्ड का निजीकरण नहीं किया जाए। इसके अलावा विद्युत बोर्ड के कर्मियों को भी पुरानी पेंशन सुविधा दी जाए।
गुरुवार को विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन ने बिलासपुर में जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह की अगवाई में सांकेतिक धरना दिया। करीब 2 घंटे के इस सांकेतिक धरने के दौरान कर्मचारियों ने उनकी मांगों को नहीं मानने को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ भी अपना रोष जताया। इस दौरान जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह ने कहा कि सरकार को विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन की सुविधा देने के अलावा अन्य मांगों को लेकर कई बार अवगत करवाया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखों को भी इस बारे में अवगत कराया गया। लेकिन अभी तक न ही विद्युत बोर्ड कर्मचारियों को पुरानी पेंशन की सुविधा मिल पाई है और न ही बोर्ड के कर्मचारियों की अन्य मांगे पूरी हो पाई है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सरकार की ओर से यूनियन की मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो कुमारसेन पावर हाउस या फिर विधानसभा का घेराव विद्युत बोर्ड के कर्मचारी करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
