Shimla, Sanju-:हिमाचल प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समिति की कार्यकर्ताओं ने राजधानी शिमला में शेरे पंजाब के पास धरना-प्रदर्शन किया और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को जागरूक करने के साथ-साथ सरकार से अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान समिति ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदेश में हाल के दिनों में महिलाओं के साथ अत्याचार, दुराचार और हत्या के मामलों में तेजी आई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई अपेक्षाकृत धीमी रही है।अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य सचिव फालमा चौहान ने कहा कि कुल्लू, हमीरपुर और चंबा जिलों में हाल ही में हुई घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। “इन मामलों में पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं,”।
फालमा चौहान ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है, लेकिन लगातार बढ़ रही घटनाएं यह दर्शाती हैं कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। उन्होंने मांग की कि दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।समिति ने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।
