Una, Rakesh -:ऊना जिला प्रशासन अब शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मज़बूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से ऊना शहर में अत्याधुनिक तकनीक वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर कुल 2 करोड़ 34 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
इस योजना का उद्देश्य शहर की कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करना तथा आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना है। ऊना के एडिशनल एसपी संजीव भाटिया ने जानकारी दी कि शहर के मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर ये नए सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल किए जाएंगे। इन कैमरों की मदद से न केवल आपराधिक घटनाओं की रोकथाम होगी, बल्कि पुलिस को अपराधियों को पकड़ने में भी तेजी आएगी।
एडिशनल एसपी भाटिया ने बताया कि पहले भी कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। नई तकनीक वाले कैमरे और बेहतर नेटवर्किंग सिस्टम से अब निगरानी और अधिक प्रभावी होगी। कैमरों से मिलने वाली फुटेज सीधे कंट्रोल रूम से जुड़ी होगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी।उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल पुलिस को जांच में सहायता मिलेगी, बल्कि आम जनता को भी सुरक्षा का एहसास होगा। शहर में अपराध की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। प्रशासन का लक्ष्य है कि ऊना को एक सुरक्षित, स्मार्ट और निगरानी से लैस शहर बनाया जाए।
