सोलन/योगेश शर्मा – विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आज भाजपा के सोलन सदर सीट से प्रत्याशी डॉ राजेश कश्यप ने डीसी कार्यालय सोलन में अपना नामांकन भरा। नामांकन से पहले रेस्ट हाउस सोलन के बाहर से मॉल रोड़ होते हुए भाजपा लोगों ने एक रैली निकाल शक्ति प्रदर्शन किया। जिसमें भाजपा प्रत्याशी डॉ राजेश कश्यप के साथ भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी राजेश कश्यप ने कहा कि उनके सामने इस बार भी चुनावी मैदान में ससुर है और निश्चित तौर पर इस बार उन्हें जीत का आशीर्वाद उनसे मिलने वाला है।
उन्होंने कहा कि जो कोई भी नेता उनसे रूठे हुए हैं ,उन्हें मनाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार सोलन सदर सीट भाजपा जीतेगी और हिमाचल प्रदेश में मिशन रिपीट होगा। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर वे चुनावी मैदान में उतरने वाले हैं। राजेश ने कहा कि 10 साल से सोलन विधानसभा क्षेत्र विकास में पिछड़ गया था लेकिन जयराम सरकार ने जिस तरह से अथाह विकास विधानसभा में करवाया है ,उसे निश्चित तौर पर भाजपा की जीत सुनिश्चित है।
बता दें कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार कर्नल धनीराम शांडिल के सामने उनके ही दामाद राजेश कश्यप को भाजपा ने चुनावी रण में उतारा था। उस दौरान 671 वोटों के माध्यम से डॉ राजेश कश्यप चुनाव हार गए थे लेकिन इस बार फिर भाजपा हाईकमान ने राजेश कश्यप को चुनावी मैदान में उतारा है।
