Shimla, Sanju –अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को रेहड़ी-फड़ी तहबाजारी यूनियन ने नगर निगम आयुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। सीटू के बैनर तले शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे दुकानदारों ने विरोधस्वरूप मौके पर ही अपनी दुकानें सजा दीं और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने नगर निगम शिमला पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि निगम गैरकानूनी तरीके से स्ट्रीट वेंडर्स को उजाड़ने का काम कर रहा है। पंजीकरण के लिए आठ तरह के दस्तावेज मांगना पूरी तरह अनुचित है।
मेहरा ने सवाल उठाया कि जब देश की सभी योजनाएं और पहचान आधार कार्ड से जुड़ी हुई हैं, तो फिर अतिरिक्त दस्तावेज मांगना सिर्फ लोगों को परेशान करने की नीति है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट 2014 और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर रहा है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूनियन की मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर तहबाजारियों को बैठने की जगह नहीं दी गई, तो वे निगम कार्यालय के बाहर ही रेहड़ी लगाकर अपना हक मांगेंगे।
