सोलन/योगेश शर्मा: चुनाव पास आते ही कसौली विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचलें तेज़ हो चुकी है। आरोप प्रत्यारोप का दौर चरम सीमा पर पहुंच गया है। कांग्रेस नेता विनोद सुल्तानपुरी ने वर्तमान विधायक एवम स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल पर कई तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल कसौली का विकास करने में पूर्ण रूप से असफल रहे है। उनके घर को जाती सड़क के बेहद बुरे हाल है। वहीं हिमाचल के साथ साथ उनके गृह क्षेत्र में भी स्वास्थ्य सेवाएं न के बराबर है।
स्वास्थ्य मंत्री की टीम केवल तबादलों में ही जुटी नज़र आ रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि वह केवल तबादला करवाने को ही विकास समझते है। उन्होंने कहा कि कसौली विधान सभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पूर्ण रूप से चरमरा चुकी है, लेकिन यहां के विधायक चिर निंद्रा में खोए हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री को घेरते हुए विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के गृह क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप देखा जा रहा है। तीन लोग डेंगू का ग्रास बन चुके है। लेकिन अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल रही है। जिसका सबसे बड़ा कारण अस्पतालों में चिकित्स्कों की उपलब्धता नहीं है।
रोगियों के आवश्यक टैस्ट नहीं हो रहे है। जिस से साफ़ अहसास होता है कि निजी लैब्स और अस्पतालों को फलने फूलने का मौका दिया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को सलाह देते हुए कहा कि वह अभी से ही चुनावी मोड में न जाएं। शायद वह भूल चुके है कि वह स्वास्थ्य मंत्री भी हैं। अगर उन्हें यह याद होता तो विशेष तौर पर कसौली और सोलन में स्वास्थ्य सेवाओं का यह हाल नहीं होता।
