राहुल चावला,धर्मशाला: मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस पर धर्मशाला उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाग लिया। यहां उन्होंने ध्वजारोहण करने के साथ ही मार्च पास्ट की सलामी भी ली। इससे पहले शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्वांजलि भी अर्पित की गई। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ साथ वीरभूमि भी हैं। प्रदेश के वीर जवान अपने अदम्य साहस, पराक्रम एवं बलिदान के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि याद रहे कि प्रदेश का पहला परमवीर चक्र राज्य के वीर सपूत मेजर सोमनाथ ने हासिल किया था, कैप्टन विक्रम बतरा, कर्नल डीएस थापा व मेजर संजय सिंह ने अद्भूत पराक्रम दिखाकर परमवीर चक्र की श्रेणी में नाम दर्ज किया।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को रोजगार के नजरिए से 500 परमिट जारी करने का फैसला हुआ है और ई-वाहन खरीदने वाले युवाओं को प्रदेश सरकार 4 साल तक गाड़ी हायर करने की योजना पर काम कर रही हैं। जल मिशन का अधूरा कार्य 31 मार्च 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा जिसके तहत जिले में 1027 करोड़ खर्च हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की नदियां लगातार उफान पर हैं और बादल फटने की घटनाओं ने राज्य को हिलाकर रख दिया हैं। मोटे अनुमान के मुताबिक आठ हजार करोड़ का नुकसान एवं 300 से अधिक लोग इस मानसून का शिकार होकर जान गंवा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि संघीय ढांचे की मूल भावना का निर्वहन करते हुए केंद्र को इस त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर देना चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश को हुए भारी नुकसान के एवज में केंद्र सरकार से जल्द दो हजार करोड़ की मदद राशि जारी करने का आग्रह किया।
जल शक्ति विभाग में करूणामूलक आधार पर 25 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र
स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जल शक्ति विभाग में करूणामूलक आधार पर 25 युवाओें को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
इंद्रूनाग मंदिर में टेका माथा
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को इंद्रूनाग मंदिर में शीश नवाया ओर हिमाचल की खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि बरसात में हिमाचल में काफी जान और माल का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देवभूमि हैं और इंद्रूनाग देव की बारिश के देवता के रूप मेें लोगों की काफी आस्था हैं जिसके चलते ही आज इंद्रूनाग मंदिर में माथा टेककर हिमाचल को बारिश से राहत दिलवाने की कामना की गई हैं।
