राकेश,ऊना: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री दिल्ली दौरे से लौटने के बाद गुरुवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने हरोली विधानसभा के विकास कार्यों को गति देने के लिए हरोली उपमंडल मुख्यालय पर करीब 6.21 करोड रुपए की लागत से बनने वाले जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह का नींव पत्थर रखा। इस तीन मंजिला विश्रामगृह में करीब 15 कमरे बनाए जा रहे हैं। जल शक्ति विभाग की अपनी भूमि में इस परिसर को पूरी तरह से सजाया और संवारा जाएगा।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के समक्ष हिमाचल प्रदेश के हक की बात उठाई गई हैं। प्रदेश की कई परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से पैसे की मांग की गई हैं। उन्होंने कहा कि शिमला और कुल्लू में लगने जा रहे रोपवे निर्माण को लेकर और ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार की ओर से मदद किए जाने का आश्वासन होने मिला हैं। उन्होंने कहा नितिन गडकरी से इन तमाम मुद्दों पर वार्ता हुई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का हनीमून पीरियड अब खत्म हो चुका है और पूरी तरह से सरकार विकास योजनाओं पर केंद्रित हो चुकी हैं। वहीं उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा की भाजपा का दौर खत्म हो चुका है और गुजरा जमाना कभी वापस नहीं आता। कांग्रेस की राजनीति विकास की राजनीति रही है और इसी के दम पर मौजूदा सरकार 5 साल पूरे करेगी।
