अरविंदर सिंह,हमीरपुर: केंद्र में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा की ओर से आयोजित महा संपर्क अभियान की शुरुआत गुरुवार को हमीरपुर जिला में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मटन सिद्ध के वार्ड नंबर 8 से की। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से केंद्र की मोदी सरकार की ओर से जनकल्याण में लिए गए निर्णयों को जनता के बीच लेकर जाने का आह्वान किया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी के 9 वर्ष के कार्यकाल स्वर्णिम रहा हैं और देश आर्थिक तौर पर सुदृढ़ हुआ हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि बिना तैयारी के ही चुनावों में पार्टी ने गारंटियों की घोषणा की हैं।
महा संपर्क अभियान पर पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि अभियान के माध्यम से पार्टी बुद्धिजीवी वर्ग से भी देश में हुए विकास को सांझा करेगी ताकि जो लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं उन्हें मुंह तोड़ जवाब दिया जा सके। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत तेजी से तरक्की कर रहा हैं। विनिर्माण गतिविधियों, कृषि, खनन, निर्माण क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन और निजी निवेश के दम पर देश की अर्थव्यवस्था उम्मीद से बेहतर रफ्तार से बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश पूरे विश्व में अग्रिम भूमिका निभा रहा हैं। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि लोकसभा में एक बार फिर से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार विजयी परचम लहरा कर केंद्र में सत्तासीन होगी । वहीं प्रदेश सरकार की ओर से चुनावों के समय की गई गारंटी को पूरा न करने पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने बिना किसी तैयारी के ही घोषणा कर दी थी। उन्होंने कहा कि आम जनता के अलावा अब भाजपा भी इस इंतजार में है कि कांग्रेस पार्टी अपनी घोषणाओं को कब पूरा करती हैं। उन्होंने कहा कि घोषणाओं से पूर्व काम करने की जरूरत है जो कांग्रेस ने नहीं किया था।
