संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में इस बार लोगों ने कांग्रेस को मौका देते हुए प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाए हैं लेकिन अभी तक का कांग्रेस सरकार में कैबिनेट का गठन नहीं हो पाया है और ऐसे में एक बार फिर से भाजपा के ऑपरेशन लोटस को लेकर सियासत तेज हो गई हैं। हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के ऑपेरशन लोटस को लेकर दिए बयान के बाद हिमाचल की सियासत में खलबली मच गई हैं।
अब उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के इस बयान पर पलटवार किया हैं और कहा है कि भाजपा मुंगेरीलाल के सपने देख रही हैं। प्रदेश में 5 साल कांग्रेस की सरकार हर तरह से चलेगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। लोगों ने कांग्रेस को जनमत दिया हैं। कांग्रेस ने 40 सीटें हासिल की हैं। बीजेपी को रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हार को पचा नहीं पा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बार-बार कह रहे हैं कि मंडी हमारी हैं लेकिन कांग्रेस दोबारा से 2024 के लोकसभा चुनावों में मंडी जीतेगी और मंडी को उनसे छीनेगी। दरअसल हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में भाजपा के ऑपरेशन लोटस की तरफ इशारा किया था। जयराम ठाकुर ने कहा था कि भाजपा को सत्ता के लिए पांच वर्षों का इंतजार न करना पड़े और उससे पहले ही सत्ता मिल जाए।
