Una, Rakesh-हरोली उपमंडल के बाथू गांव निवासी सब इंस्पेक्टर व्यास देव, जो हाल ही में भारत-पाकिस्तान सीमा पर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश सेवा करते हुए गंभीर रूप से घायल हुए, से सोमवार को उपायुक्त जतिन लाल ने उनके निवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने व्यास देव तथा उनकी पत्नी परमजीत कौर को सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
उपायुक्त ने व्यास देव के अदम्य साहस, अनुकरणीय कर्तव्य भावना और देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जांबाज सपूतों के बलिदान से ही हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन उनके परिवार को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।उल्लेखनीय है कि सब इंस्पेक्टर व्यास देव ने 9 मई 2025 को सीमा पर दुश्मन की गोलीबारी का बहादुरी से सामना करते हुए अपना बायां पैर गंवाया। उनके इस बलिदान को पूरा ऊना जिला गर्व और सम्मान के साथ नमन करता है।
