सोलन:योगेश शर्मा- हिमाचल प्रदेश में सड़कों पर गोवंश लगातार बढ़ता जा रहा है। बात सोलन जिला की जाए तो यहां पर भी गोवंश सड़कों पर घूमता हुआ नजर आ रहा है ।
कई बार यही गोवंश सड़को पर घूमते हुए हादसों का कारण भी बन जाता है तो दूसरी तरफ किसानों की फसलों को भी यही सड़कों पर घूमता बेसहारा गोवंश नुकसान पहुंचाता है। हालांकि सरकार द्वारा अभी लंपी वायरस बीमारी को डिनोटिफाई नहीं किया गया है ,जिसकी वजह से पशुपालन विभाग द्वारा बेसहारा गोवंश को सड़कों से नहीं उठाया जा रहा है। लेकिन अब लंपी के मामले कम होने के बाद पशुपालन विभाग ने यह कवायद जरूर तेज की है कि स्थानीय गौशाला में सड़क पर घूम रहे गोवंश को स्थान दिया जाए ताकि सड़क पर घूमता हुआ गोवंश नजर ना आए और न ही हादसों का कारण बने।
पशुपालन विभाग सोलन के उपनिदेशक डॉ बीबी गुप्ता ने बताया कि लंपी मुक्त जिला होने से विभाग ने राहत की सांस ली है । वहीं अब सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को स्थानीय गौशाला में जगह दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब सरकार द्वारा लंपी बीमारी को डिनोटिफाइड कर दिया जाएगा, तो इन्हें बड़ी गौशाला में भेजा जाएगा।
