Shimla, Sanju -:राजधानी शिमला में स्वच्छता अभियान के पोस्टर पर भगवान राम की तस्वीर लगाए जाने को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला दर्ज होने के बावजूद देवभूमि संघर्ष समिति ने पुलिस कार्रवाई को लेकर असंतोष जताया है और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो शिमला में चक्का जाम किया जाएगा।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वे जल्द ही हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर यह मांग उठाएँगे कि भविष्य में किसी भी प्रचार सामग्री, विज्ञापन या पोस्टर में हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरों का वाणिज्यिक या प्रतीकात्मक उपयोग न किया जाए।
FIR दर्ज, नगर निगम को भेजा गया नोटिस
1 नवम्बर को देवभूमि संघर्ष समिति ने छोटा शिमला पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है और नगर निगम शिमला को भी नोटिस भेजा है।फिलहाल नगर निगम की ओर से पुलिस को नोटिस का जवाब नहीं दिया गया है।इससे पहले शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान ने आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा था कि यह पोस्टर केंद्र सरकार के स्वच्छता अभियान से संबंधित है और नगर निगम का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
समिति का रुख सख्त
देवभूमि संघर्ष समिति के सह संयोजक विजय शर्मा ने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़ी इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं समिति के एक अन्य सह संयोजक मदन ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, तो समिति सड़कों पर उतरने को बाध्य होगी।
