Nurpur,Sanjeev-:नूरपुर के व्यावसायिक कस्बे जसूर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से डीएसपी नूरपुर चन्द्रपाल सिंह ने सोमवार को बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों पर खड़े वाहनों और दुकानों के बाहर रखे गए सामान को देखकर नाराज़गी जताई और इसे ट्रैफिक बाधा का प्रमुख कारण बताया।
डीएसपी चन्द्रपाल सिंह ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे अपना सामान दुकान की सीमा के भीतर ही रखें तथा सड़क या फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने कहा कि सड़क पर सामान रखने और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण ट्रैफिक जाम व पैदल यात्रियों को असुविधा होती है। डीएसपी ने बताया कि शीघ्र ही बाजार क्षेत्र में पार्किंग और नो-पार्किंग जोन चिन्हित किए जाएंगे ताकि जाम की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।इस अवसर पर पुलिस टीम के सदस्य भी उनके साथ मौजूद रहे, जिन्होंने दुकानदारों और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सहयोग देने के लिए जागरूक किया।
डीएसपी चन्द्रपाल सिंह ने नागरिकों से अपील की कि वे बाजार क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन जनहित में सख्त लेकिन निष्पक्ष कार्रवाई करेगा।स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने डीएसपी की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बाजार में अनुशासन कायम रखने की सकारात्मक कोशिश बताया।
