Mandi, Dharamveer-सावन महीने की पवित्र परंपरा के तहत गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर लौटते कांवड़िए अब अपने गंतव्य स्थलों पर पहुंचने लगे हैं। इस धार्मिक यात्रा में इस बार भी हर आयु वर्ग के श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिसमें छोटे बच्चे भी पीछे नहीं रहे।
हर साल की तरह इस वर्ष भी मंडी जिला के अनेक गांवों से श्रद्धालुओं ने हरिद्वार जाकर गंगाजल भरकर शिवलिंग अभिषेक के लिए लंबी पदयात्रा की। बल्ह घाटी के सोयरा गांव से 18 और गोहर उपमंडल के मौवीसेरी से 8 श्रद्धालुओं का समूह सफलतापूर्वक अपने क्षेत्र में लौट आया है।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही, जिससे कांवड़ियों की यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रही। मार्ग में विश्राम और भोजन की उत्तम व्यवस्था भी की गई थी। जगह-जगह लंगर सेवा और पेयजल की सुविधा उपलब्ध रही।
सोयरा गांव के 14 वर्षीय कर्ण ने लगातार दूसरी बार कांवड़ यात्रा पूरी की है। उनके साथ चल रहे श्रद्धालु सुनील ने बताया कि 10 दिनों की इस यात्रा में उन्होंने कई कठिन रास्तों को पार किया, लेकिन भोलेनाथ की कृपा से सभी सकुशल वापस लौटे हैं। दो दिनों के भीतर सभी श्रद्धालु अपने-अपने गांव पहुंचकर गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करेंगे।
