बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- होला मोहल्ला मेला के चलते शक्तिपीठ श्री नैना देवी आजकल खासे रंग में रंग गया है । पूरा पहाड़ी क्षेत्र जयकारों से गूंज रहा है ।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
श्री आनंदपुर साहिब में होला मोहल्ला मेला के दौरान ज्यादातर श्रद्धालु माता श्री नैना देवी के दरबार में पहुंच रहे हैं।हिमाचल प्रदेश पुलिस के द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात की गई है व होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा मंदिर के अंदर का जिम्मा एक्स सर्विसमैन फौजियों के हवाले है। भारी भीड़ के चलते श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे जत्थों में रोका जा रहा है और उन्हें लंबी-लंबी लाइनों में माता के दर्शनों के लिए भेजा जाता है। श्री नैना देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है ।ऊंचे जयकारे लगाकर नाचते झूमते हुए श्रद्धालु माता जी के दरबार में पहुंच रहे हैं । पंजाब ,हिमाचल , हरियाणा , दिल्ली से श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम लगातार जारी है जिसके चलते प्रशासन और मंदिर न्यास के द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।
