राहुल चावला,धर्मशाला: धर्मशाला में 19 ओर 20 अप्रैल को होने जा रही जी 20 बैठक के लिए धर्मशाला पूरी तरह से तैयार हैं। आयोजन को पूरी तरह से सफल बनाने के लिए इससे जुड़ी सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को जी 20 बैठक के सफल संचालन को लेकर जिलाधीश कांगड़ा ने खुद तैयारियों का जायजा लिया ।
उपायुक्त ने कहा कि धर्मशाला में 19-20 अप्रैल की बैठक में ‘रिसर्च एंड इनोवेशन इनिशिएटिव गैदरिंग‘ के तहत नवीनतम अनुसंधान और नवाचारों पर चर्चा होगी। इसमें 70 प्रतिनिधि भाग लेंगे, 30 विदेशी मेहमान शामिल रहेंगे, जिनमें टॉप साइंटिस्ट, नीति निर्माता और विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि जी-20 के लिए 18 तारीख को मेहमान धर्मशाला पहुंचना शुरू हो जाएंगे।
डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचने पर मेहमानों का पारंपरिक तरीके से स्वागत होगा। हवाई अड्डे पर उन्हें हिमाचली पकवान और एप्पल टी, कांगड़ा टी जैसे पेय सर्व किए जाएंगे। इसके अलावा उनका हिमाचली परंपरा के अनुरूप स्वागत सत्कार किया जाएगा। उन्हें हिमाचली टोपी-शॉल के अलावा कांगड़ा पेंटिंग्स उपहार में दी जाएंगी।
धर्मशाला में 19-20 अप्रैल को होने वाले जी-20 सम्मेलन में तकनीक व विज्ञान पर चर्चा के अलावा डेलीगेट्स योगाभ्यास भी करेंगे। 20 अप्रैल को आयुष विभाग के सौजन्य से मेहमानों के लिए प्रातः साढ़े 6 बजे आयोजन स्थल पर योग सत्र का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि यह गौरव की बात है कि धर्मशाला को जी-20 की बैठक के लिए चुना गया हैं। यह मौका हमें अपने मेहमानों को कांगड़ा और हिमाचल की सांस्कृतिक विशिष्टता, विविधता और सुंदरता से रूबरू करवाने का अवसर देगा।
