सचिन शर्मा, लाहौल स्पीति: स्पीति घाटी जल्द ही अब दूधिया रोशनी में चमकती नज़र आएगी। यहां के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या का भी समाधान होगा। इसके लिए हिम ऊर्जा विभाग की ओर से घाटी के 220 परिवारों को करीब 37 हजार रुपए की लागत वाली सोलर लाइट्स निशुल्क वितरित की जाएगी। इस बात का खुलासा लाहौल स्पीति के विधायक एवं आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रवि ठाकुर ने किया।
उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह उनकी हिम ऊर्जा के प्रोजेक्ट ऑफिसर के साथ काजा मुख्यालय में बैठक हुई है और इस बैठक में उन्होंने यह आदेश दिए हैं कि घाटी के 220 बीपीएल परिवारों को टीएडीपी परियोजना के तहत सोलर लाइट्स निशुल्क जल्द से जल्द वितरित किए जाएं ताकि लो वोल्टेज की कमी झेल रहे स्पीति के ग्रामीणों को कुछ राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ठाकुर ने स्पीति घाटी का दौरा किया है और घाटी के विभिन्न गांव में पहुंच खस्ताहाल बिजली व्यवस्था को खुद देखा हैं। विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस दौरान जहां सचिव ऊर्जा को स्पीति में बुला जल्द से जल्द स्पीति घाटी में विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने और यहां पावर प्लांट स्थापित करने का आदेश दिया हैं। विधायक रवि ठाकुर ने कहा है कि स्पीति घाटी में विद्युत व्यवस्था को बहाल करने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और इस फेहरिस्त में उन्होंने 500 किलो वाट का सोलर प्लांट जल स्थापित करने के लिए हिम ऊर्जा विभाग को आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सोलर ऊर्जा वाले इस 500 किलोवाट वाले सोलर प्लांट के स्थापित होने के बाद घाटी के लोगों को विद्युत व्यवस्था की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जो सोलर लाइटें घाटी के 220 परिवारों को बांटी जानी है। प्रति लाइट की कीमत करीब 37 हजार रुपए हैं, जिन्हें निशुल्क ग्रामीणों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार को इस संबंध में हिम ऊर्जा विभाग के प्रोजेक्ट ऑफिसर पंकज शर्मा से उनकी महत्वपूर्ण बैठक भी हुई है और इस बैठक में जरूरी दिशा-निर्देश उन्हें दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्पीति घाटी के लोगों को जल्द ही बिजली की कमी से निजात मिलेगी।
हिम ऊर्जा के परियोजना अधिकारी पंकज शर्मा ने बताया कि सोमवार को उनकी बैठक स्थानीय विधायक रवि ठाकुर से हुई हैं। उन्होंने बताया कि विधायक की ओर से दिए गए जरूरी दिशा निर्देशों के तहत सोलर लाइटों का जल्द ही आवंटन घाटी में कर दिया जाएगा। इसके अलावा 500 किलो वाट का सोलर प्लांट भी घाटी के लिए प्रस्तावित है जिसके लिए भूमि का चयन किया जा रहा हैं।
