Dharamshala, Rahul chawla-धर्मशाला के खनियारा गांव में सेना में भर्ती दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस धोखाधड़ी में खुद को सेना का कर्नल बताने वाला आरोपी रमेश डोगरा, निवासी पंचरुखी (पालमपुर), पहले भी ऐसे कई मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस जांच में पता चला है कि उसने फर्जी आर्मी आईडी कार्ड तैयार कर लोगों को विश्वास में लेकर लाखों की ठगी की।
ताजा जांच के दौरान पुलिस ने कांगड़ा जिले की एक प्रिंटिंग प्रेस में छापा मारा, जहां आरोपी के लिए फर्जी आर्मी कार्ड तैयार किया गया था। पुलिस ने प्रेस से जुड़े दस्तावेज, उपकरण और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। प्रेस के मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं अन्य फर्जी कार्ड तो नहीं बनाए गए।
अब तक की जांच में किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता नहीं पाई गई है। आरोपी ने अपने स्तर पर ही यह धोखाधड़ी की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। बावजूद इसके, पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है, जिसमें भारतीय सेना के चिन्हों के दुरुपयोग और अन्य फर्जीवाड़ों की संभावना भी शामिल है।पुलिस विभाग इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच के साथ-साथ आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी समीक्षा कर रहा है।
