अरविंदर सिंह,हमीरपुर(TSN):उत्तरी भारत के विश्व प्रसिद्ध सिद्ध पीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दिव्यांग श्रद्धालु भी आसानी से बाबा के दर्शनों के लिए पहुंच पाएंगे। इसके लिए अलग से रास्ते की व्यवस्था मंदिर ट्रस्ट द्वारा की जा रही है, जल्द ही श्रद्धालुओं को यह सुविधा मिलेगी। बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने नव वर्ष पर माथा टेकने के बाद कहा कि आने वाले समय में और भी अधिक सुविधाएं यहां पर श्रद्धालुओं को दी जाएंगी ताकि बाबा बालक नाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो। नव वर्ष के उपलक्ष्य पर बाला बालक नाथ मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माता टेका और नव वर्ष की रात्रि को हुए जागरण में भी भाग लिया।
बता दें कि बाबा की गुफा तक पहुंचने के लिए मंदिर ट्रस्ट द्वारा बीमार बुजुर्गों व दिव्यांग लोगों के लिए गेट नंबर एक से लेकर गेट नंबर पांच तक फ्री टैक्सी सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। उसके आगे इन श्रद्धालुओं को गुफा तक पहुंचाने के लिए आज तक अलग से कोई व्यवस्था नहीं है। इस प्रकार के श्रद्धालुओं को सीढ़ियों के रास्ते से होकर गुफा तक पहुंचना होता है। हाल ही में मंदिर ट्रस्ट ने एक श्रद्धालु के सहयोग से गुफा के नजदीक के रास्ते को भी चौड़ा किया था। साथ में चबूतरे को भी बड़ा किया गया है, जिससे श्रद्धालु आसानी से बाबा बालक नाथ की पवित्र गुफा के दर्शन कर सकें। फिर भी दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए वहां पर दिक्कत रहती ही है। चैत्र माह मेलों के दौरान श्रद्धालुओं को गुफा दर्शन करने के भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। समय-समय पर यह मांग होती रही है की ऐसे श्रद्धालुओं के लिए अलग से रास्ते का निर्माण हो, जहां से व्हीलचेयर ल भी जा सके।
बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए अलग से रास्ते की व्यवस्था मंदिर ट्रस्ट द्वारा की जा रही है । जल्द ही श्रद्धालुओं को यह सुविधा मिलेगी । वहीं बाबा बालक नाथ गुफा को भी चौड़ा किया गया है ताकि एक साथ कई श्रद्धालु बाबा बालक नाथ के दर्शन कर सके । उन्होंने कहा कि आने वाले समय में और भी अधिक सुविधाएं यहां पर श्रद्धालुओं को दी जाएंगी ताकि बाबा बालक नाथ मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो।
