अरविंदर सिंह,हमीरपुर: बीमारी वाले घरेलू मक्की के बीज बोने से इस बार मक्की की ज्यादातर फसल बर्बाद हुई हैं। किसानों को हाइब्रिड बीज लगाने पर जोर देना चाहिए। यह बात कृषि मंत्री चंद्र कुमार चौधरी ने हमीरपुर में मक्की की फसल खराब होने के चलते किसानों को नुकसान का जायजा लेने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए कही। उन्होंने कहा कि काफी जगहों पर बीज़ में पहले से बीमारी थी और इसे लगाने से सारी फसल आगे चलकर खराब हो गई। हमीरपुर जिला के किसानों को मक्की की फसल में लगने वाले फॉल आर्मीवर्म के चलते नुकसान देखने को मिल रहा हैं।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि कृषि विभाग की ओर से जो बीज किसानों को उपलब्ध करवाए जाते हैं किसानों को वही लगाने चाहिए । उन्होंने कहा कि अक़्सर देखा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान अपनी फसल से ही बीज बचाकर रख लेते हैं और बाद में उसे रोपित करते हैं जिनके चलते फसल को बीमारी लग जाती हैं। उन्होंने माना कि हमीरपुर जिला में बीमारी के चलते फसल को नुकसान पहुंचा है और विभाग की ओर स्व बीमारी रोकने के लिए काफी प्रयास किए गए लेकिन इतनी कामयाबी नहीं मिल पाई ।
