Hamirpur,8 September – हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा कांग्रेस सरकार कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रही है।राणा का कहना है कि सरकार ने कर्मचारियों के वेतन-भत्तों और एरियर का भुगतान रोक रखा है, मेडिकल बिल भी अटके पड़े हैं, और अब पूर्व भाजपा सरकार द्वारा दिए गए उच्च वेतनमान का लाभ भी वापस ले लिया गया है। इसे उन्होंने कर्मचारियों के साथ सीधा अन्याय बताया।
वित्त विभाग ने शनिवार को अधिसूचना जारी कर पूर्व सरकार के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत 89 श्रेणियों के कर्मचारियों को—जो 3 जनवरी 2022 से पहले नियुक्त हुए थे—दो साल का नियमित कार्यकाल पूरा करने पर उच्च वेतनमान दिया जाता था।अब विभाग ने सभी कार्यालयों को इन कर्मचारियों का वेतन पुनः निर्धारित करने के निर्देश जारी किए हैं।इस निर्णय से प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को प्रतिमाह 15 हजार रुपये तक का आर्थिक नुकसान होगा।राणा ने कहा कि जब महंगाई लगातार बढ़ रही है, तब सरकार का यह कदम कर्मचारियों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला है। उन्होंने चेतावनी दी कि कर्मचारी वर्ग इस तरह के फैसलों को बर्दाश्त नहीं करेगा।
