Mandi, Dharamveer-हिमाचल प्रदेश पिछले ढाई महीनों से प्राकृतिक आपदा की विभीषिका झेल रहा है। प्रदेश सरकार पहले ही इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग केंद्र से कर चुकी है। इसी क्रम में अब छात्र संगठन एनएसयूआई ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह मांग उठाई है।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित हिमाचल दौरे से ठीक एक दिन पहले मंडी में एनएसयूआई इकाई ने सोमवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में राज्य की मौजूदा स्थिति को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और केंद्र से बड़े राहत पैकेज की मांग की गई।प्रदेश संगठन महासचिव रोहित रावत की अगुवाई में छात्र नेताओं ने डीसी कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश इस समय सदी की सबसे बड़ी त्रासदी का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल अब केवल सेपू बड़ी और बदाने के मिठ्ठे की तारीफ नहीं चाहता। प्रदेशवासी प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार से ठोस राहत पैकेज की उम्मीद कर रहे हैं।
बता दें कि इस आपदा में अब तक हिमाचल प्रदेश को 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है, जबकि 370 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य सरकार और जनता दोनों को प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से बड़ी राहत की आस है।
