संजु चौधरी, शिमला: राजनधानी शिमला के इंदिरा गांधी खेल परिसर में बुधवार को चार दिवसीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस चैंपियनशिप का शुभारंभ मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने किया। इस चैंपियनशिप में शिमला जिला के दो सौ बच्चे भाग ले रहे है। इस चैंपियनशिप से ही स्टेट लेवल की चैंपियनशिप के लिए बच्चों का चयन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की ओर कहा कि एसोसिएशन की ओर से जिला स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा हैं। इसमें जिला के सभी क्षेत्रों से युवक युवतियां भाग ले रहे हैं। इन युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा ओर इस प्रतियोगिता से प्रदेश स्तरीय चैंपियनशिप में जाने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्राथमिकता हैं और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए यह सराहनीय कदम हैं। सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरा प्रयास कर रही है और मुख्यमंत्री इस को लेकर काफी गंभीर हैं और जल्दी प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई खेल नीति लाई जाएगी ताकि युवा खेल गतिविधियों में ज्यादा भाग ले और देशभर में प्रदेश का नाम रोशन करें।
