राहुल चावला, धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन संघ की ओर से नाहन में आयोजित की गई राज्य स्तरीय सीनियर एवं जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा है। यह प्रतियोगिता 1 सितंबर से 4 सितंबर तक आयोजित की गई, जिसमें अंडर-19 लड़कियों के एकल मुकाबले में कांगड़ा जिले की भारती शर्मा ने शिमला की पाखी को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं जिला कांगड़ा की सिमरन ने महिला एकल मुकाबले में सिरमौर की तेजस्विनी ठाकुर को हराकर खिताब अपने नाम किया।
महिला युगल मुकाबले में कांगड़ा की सिमरन एवं रूबी की जोड़ी ने मंडी की दिव्य एवं साक्षी को हराकर खिताब अपने नाम किया। सीनियर वर्क के मिक्स मुकाबले में जिला कांगड़ा की सिमरन एवं हमीरपुर के हरजीव की जोड़ी ने जिला कांगड़ा की रूबी एवं बिलासपुर के प्रणब चंदेल को हराकर खिताब अपने नाम किया।
कांगड़ा जिला बैडमिंटन संघ के महासचिव विलास हंस ने बताया कि इस वर्ष जिला कांगड़ा के खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में काफी शानदार प्रदर्शन रहा है और इस प्रदर्शन का श्रेय खिलाड़ियों के कोच को जाता है। यह सभी खिलाड़ी 8 सितंबर से आयोजित होने वाली नॉर्थ जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप जम्मू में हिस्सा लेंगे। आने वाले समय में जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ की ओर से कोचिंग कैंप का भी आयोजन किया जाएगा ताकि जिला कांगड़ा के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करें। खिलाड़ियों के कोच रविंदर कपूर ने बताया कि यह सभी खिलाड़ी ज्वालामुखी में प्रशिक्षण ले रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।
