सोलन (योगेश शर्मा): बेंगलुरु से टमाटर की आमद कम होने के कारण सोलन के टमाटर का रेट में एकदम बड़ा उछाल आया है। सोमवार को सोलन सब्जी मंडी में अच्छी क्वालिटी के टमाटर रेट 900 रुपए प्रति क्रेट (25 किलो ग्राम) तक पहुंच गया है। टमाटर का कारोबार करने वाले आढ़तियों का कहना है कि आने वाले दिनों में टमाटर का रेट 1000 रुपए प्रति क्रेट से भी ऊपर जाने की उम्मीद है।
सब्जी मंडी सोलन में टमाटर के आढ़ती अमर सिंह ठाकुर ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से टमाटर के रेट में लगातार उछाल आ रहा है। पहले टमाटर सीजन की शुरूआत में टमाटर का रेट 150 रुपए से 350 प्रति क्रेट तक चल रहे थे। पिछले कुछ दिनों से रेट पहले 500 फिर 700 रुपए प्रति क्रेट तक पहुंचा। जबकि सोमवार को टमाटर का रेट 900 से ऊपर चला गया है। उन्होंने कहा कि इन दिनों बेंगलुरु में भारी बारिश हो रही है, जिससे वहां से देश की मंडियों में टमाटर कम पहुंच रहा है।
बता दें कि इन दिनों आसपास के क्षेत्र कायलर, देवठी, बसाल,ओच्छघाट, साधुपुल, वाकनाघाट से सोलन मंडी में टमाटर आ रहा है। रोजाना करीब 8 हजार क्रेट मंडी में पहुंच रहा है। टमाटर के शुरुआती दिनों में कम रेट मिलने के कारण नुकसान उठा रहे किसानों को रेट बढ़ने से राहत मिली है।
