मंडी, धर्मवीर -: टाउन हॉल मंडी में हाल ही में तैयार किए गए नए बैडमिंटन कोर्ट पर जिला स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का शुभारंभ हो गया है। पूर्व मंत्री एवं सदर विधायक अनिल शर्मा ने नए कोर्ट का उद्घाटन करने के साथ प्रतियोगिता का भी विधिवत आगाज किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 250 खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करते हुए अगले स्तर के लिए जगह बनाने के लिए मुकाबला कर रहे हैं।इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा ने बताया कि टाउन हॉल में बैडमिंटन के दो नए कोर्ट करीब 22 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए हैं। इनमें करीब 15 लाख रुपये विधायक निधि से उपलब्ध करवाए गए, जबकि शेष राशि डीसी मंडी के माध्यम से स्पोर्ट्स काउंसिल से प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि नए कोर्ट बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक अनिल शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों से परिचय भी प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के साथ खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।वहीं, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक हाजरी ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चार आयु वर्गों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि आगामी राज्य स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन ऊना जिला में किया जाएगा।विवेक हाजरी ने नए बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने पर विधायक अनिल शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बेहतर सुविधाओं से मंडी के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
