मंडी/परी शर्मा – मंडी में भारी बारिश से प्रभावित आपदा क्षेत्र बागी काशन का कांग्रेस महासचिव शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जानमाल के नुकसान का आंकलन करते हुए इस आपदा पर दुख जताया। विक्रमादित्य सिंह ने काशन में इस आपदा में मारे गए एक ही परिवार के आठ लोगों की दर्दनाक मौत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदना जताई।
उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा कहर है,जो कभी नही भुलाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उनकी इस पीड़ा को वह महसूस कर रहें है और इसी वजह से उन्होंने इस क्षेत्र के प्रभावित परिवारों से खुद मिलने का फैसला किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में इस आपदा की घड़ी में लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभवित परिवारों का पुर्नवास जल्द किया जाना चाहिए और इन्हें हर संभव आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।
