राकेश,ऊना | ऊना शहर में चोरी की घटनाएं एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला एक निजी अस्पताल से सामने आया है, जहां चोर ने न सिर्फ डॉक्टर की कार चोरी की, बल्कि अस्पताल के अंदर से कीमती सामान भी ले उड़ा। घटना रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चोर ने पूरी वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। अस्पताल परिसर में दाखिल होकर उसने पहले अंदर रखे सामान की तलाश की और फिर मौका पाकर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान चोर की हरकतें अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। फुटेज में आरोपी मास्क पहने हुए दिखाई दे रहा है, जो अस्पताल के भीतर इधर-उधर घूमकर सामान चुराता नजर आ रहा है।
चोरी की गई कार टाटा कंपनी की नीले रंग की बताई जा रही है। हालांकि कार को ले जाते समय चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद नहीं हो सका। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले रेकी की होगी और पूरी योजना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद चोर चोरी की गई कार को लेकर मोहाली-चंडीगढ़ की ओर फरार हो गया। इसका पता उस समय चला जब कार के मोहाली बैरियर क्रॉस करने की टोल एंट्री का मैसेज संबंधित डॉक्टर के मोबाइल पर आया।
अस्पताल संचालक डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। पुलिस ने जल्द ही चोर को पकड़ने का दावा भी किया है।
